फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी अपने 16 वर्षीय दोस्त के साथ एक खंडहरनुमा इमारत में गई थी, जहां कुछ युवकों ने दोनों को धमकाकर यौन हिंसा की। घटना के बाद दोनों ने करीब एक महीने तक परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी।
पुलिस के अनुसार, घटना 24 अगस्त की बताई जा रही है। किशोरी ट्यूशन से निकलने के बाद अपने दोस्त से मिलने गई थी। इसी दौरान कुछ युवक उसका पीछा करते हुए खंडहर इमारत तक पहुंच गए। आरोप है कि वहां उन्होंने किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया और उनके साथ यौन अपराध किया।
घटना के बाद दोनों बच्चे मानसिक रूप से परेशान रहने लगे, लेकिन उन्होंने परिजनों को कुछ नहीं बताया। जब किशोरी की मां ने उसकी परेशानी को देखते हुए उससे बातचीत की तो उसने घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
बीपीटीपी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले में पीड़ित बच्चों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


