देहरादून। डोईवाला में बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर जा रहे व्यक्ति का रुपयों से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी रवि ग्वाला पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे जलपाईगुड़ी जिले के फाटापुकर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2022 को नव ज्योति विहार, डोईवाला निवासी लाखन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में सब्जी खरीदने के लिए रुकने के दौरान अज्ञात चोर उनका रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली डोईवाला में मुकदमा संख्या 322/2022 के तहत धारा 379 भादवि में केस दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंजीत ग्वाला पुत्र सदानंद ग्वाला, निवासी फाटापुकर, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई धनराशि बरामद की थी। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसके भाई रवि ग्वाला की संलिप्तता भी सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये और पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली डोईवाला और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में ट्रेस की।
इसके बाद पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम फाटापुकर, झांझीपुरा, थाना राजगंज से आरोपी रवि ग्वाला (46) पुत्र सदानंद ग्वाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया।


